धौलपुर। शहर के बजरिया स्थित शिव मंदिर पर सोमवार को भागवत कथा का आयोजन
शुरू हुआ। सात दिवसीय आयोजन के पहले दिन भव्य कलश यात्रा निकाली गई। पहले
दिन कथा व्यास आचार्य योगेश तिवारी महाराज ने कहा कि भागवत कथा के श्रवण
से सभी कष्टों का निवारण होता है। भागवत कथा मानव को मृत्यु के भय से
मुक्त कर देती है। उन्होंने कहा कि जिन पर परमात्मा की विशेष कृपा हुई
है, उन्हें ही कथा श्रवण का अवसर प्राप्त होता है। जीव ईश्वर का स्वरूप
होते हुए भी ईश्वर को पहचानने का प्रयत्न नहीं करता है। इसी कारण उसे
आनंद की प्राप्ति नहीं होती है। भागवत जीवन दर्शन का ग्रंथ है। यह जीवन
जीने की कला का मार्ग दर्शन करता है। संगीतमय कथा के माध्यम से उन्होंने
कहा कि धार्मिक क्रियाकलापों से ही धर्मनगरी की पहचान है। श्रीमद्भागवत
कथा के श्रवण से परिवारों के दुख दर्द दूर हो जाते हैं। इससे पूर्व
मन्दिर के पुजारी श्याम सुंदर शर्मा व समिति के सदस्यों सहित श्रद्धालुओं
ने भागवत व व्यासपीठ का पूजन अर्चन किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में
श्रद्धालुओं ने कथा का श्रवण किया। भागवत कथा का यह आयोजन दोपहर एक बजे
से शाम पांच बजे तक चलेगा।
भागवत कथा के श्रवण से मानव को मिलती है मुक्ति