पंचायत चुनाव : आधी आबादी ने दिखाया पूरा दम

पंचायत चुनाव : जीत व मतदान प्रतिशत में महिला रही पुरूषों से आगे
सरपंच चुनाव में आधी आबादी ने दिखाया पूरा दम,जिला प्रमुख भी महिला के
खाते में होगा
-प्रदीप कुमार वर्मा
धौलपुर। धौलपुर जिले में हाल में संपन्न पंचायत चुनाव में आधी आबादी की
नुमाइंदगी करने वाली महिलाओं ने पूरा दम दिखाया है। चुनावी जीत से लेकर
मतदान करने के मामले में महिलाओं ने जिले के पुरुषों को पीछे छोड दिया
है। पंचायत चुनाव के नतीजों ने इस बात को एक बार फिर से सही साबित किया
है कि महिलाएं किसी भी मामले में पुरुषों से पीछे नहीं हैं। इन चुनावी
नतीजों से आस बंधी है कि अब गांव की सरकार चलाने में महिलाओं की सक्रिय
भागीदारी देखने को मिलेगी।
                पंचायत आम चुनाव 2020 के अंतर्गत जिले की पंचायत समिति धौलपुर में 17,
राजाखेड़ा में 16, बसेड़ी में 14 एवं पंचायत समिति सरमथुरा में 11
पंचायतें महिलाओं के लिए आरक्षित थीं। लेकिन इस आरक्षण को पीछे छोडते हुए
महिलाओं ने शानदार प्रदर्शन किया। चुनाव परिणामों के अनुसार पंचायत समिति
धौलपुर में 18, राजाखेड़ा में 19, बसेड़ी में 15 एवं पंचायत समिति
सरमथुरा में 12 महिलायें सरपंच पद के लिए निर्वाचित हुई हैं। इस प्रकार
कुल पंचायतों में से महिलाओं के लिए आरक्षित 58 पदों के विरूद्व 64
महिलाओं ने जीत हासिल की है।
                जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार जायसवाल ने बताते हैं कि मतदान
प्रक्रिया में भी महिलाओं ने बढ चढ़कर भाग लिया। पंचायत समिति धौलपुर में
84.46 प्रतिशत, पंचायत समिति बसेड़ी में 83.14 प्रतिशत, राजाखेड़ा में
82.90 प्रतिशत तथा पंचायत समिति सरमथुरा में 83.55 प्रतिशत महिलाओं ने
मतदान किया। जिले की सभी चारों पंचायत समितियों के सरपंच पद के मतदान में
पुरूषों का प्रतिशत 81.79 रहा। जबकि महिलाओं का मतदान  83.52 प्रतिशत
रहा।    पंचायत चुनाव में महिलाओं ने मतदान करने में भी अपनी महत्वपूर्ण
भूमिका निभाई तथा जीत हासिल करने में भी अव्वल रहीं। यह महिला सशक्तिकरण
का जीता जागता उदाहरण है।
                धौलपुर जिले में आने वाले समय में भी महिला सशक्तिकरण का दौर जारी
रहेगा तथा महिलाओं के हाथ में विकास की बागडोर रहेगी। पंचायत चुनाव की
लाटरी में धौलपुर और सरमथुरा पंचायत समिति का प्रधान का पद महिलाओं के
लिए आरक्षित किया गया है। इसके अलावा धौलपुर जिला परिषद की जिला प्रमुख
का पद भी सामान्य वर्ग की महिला प्रत्याशी के लिए आरक्षित किया गया है।
और तो और अगले साल होने वाले नगर निकाय चुनावों में भी धौलपुर नगर परिषद
के सभापति का पद महिला उम्मीदवार के लिए आरक्षित किया है। इस लाटरी के
बाद में विभिन्न प्रमुख पदों पर महिलाओं की मौजूदगी और भागीदारी देखने को
मिलेगी।