पुलिस ने ईनामी दस्यु सुरेंद्र एवं रविंद्र को धर दबोचा

पुलिस का बीहड में छापा,कुख्यात दस्यु सुरेन्द्र और रविन्द्र को धर दबोचा
सुरेन्द्र पर तीस हजार तथा रवि पर पांच हजार का ईनाम
धौलपुर। जिले में दस्युओं की धरपकड के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में
शुक्रवार को पुलिस ने एक बडी कार्रवाई करते हुए कुख्यात दस्यु सुरेन्द्र
एवं रविन्द्र को धर दबोचा। जिले के राजाखेडा इलाके में समौना के बीहड में
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए दस्यु सुरेन्द्र एवं रविन्द्र मध्यप्रदेश
के दस्यु जगजीवन परिहार गिरोह के सदस्य रहे हैं। गिरफ्तार किए गए दस्यु
सुरेन्द्र पर तीस हजार तथा रविन्द्र पर पांच हजार का ईनाम घोषित है।
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि जिला पुलिस की विशेष टीम को
मध्यप्रदेश से सटे राजाखेडा के समौना में चंबल के बीहड में दस्युओं की
मौजूदगी के बारे में सूचना मिली थी। इस सूचना पर पुलिस की टीम ने
कुख्यात डकैत जगजीवन परिहार गैंग के सक्रिय सदस्य रहे सुरेन्द्र उर्फ
सुरेन्द्रा एवं रवि उर्फ रविन्द्र उर्फ राघवेन्द्र निवासी होलापुरा थाना
अम्बाह जिला मुरैना मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया है। उक्त दोनों ही बदमाश
वर्ष 2000 से हत्या, लूट, अपहरण जैसे आधा दर्जन मामलों में वांछित चल रहे
थे, जो पिछले पन्द्रह साल से पुलिस से छिपते हुए फरार चल रहे थे। पुलिस
अधीक्षक ने बताया है कि दस्यु सुरेंद्र उर्फ सुरेन्द्रा पर जिला धौलपुर
से 5000 रुपये एवं महानिरीक्षक चंबल रेंज ग्वालियर मध्यप्रदेश से 25 हजार
का ईनाम घोषित है। वहीं, दस्यु रवि उर्फ रविन्द्र की गिरफ्तारी पर जिला
धौलपुर से 5000  रुपये का ईनाम घोषित है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए
दस्युओं से पूछताछ की जा रही है।