सशक्त बनने के लिए आत्मरक्षा का प्रशिक्षण लें महिला और बालिकाएं

सशक्त बनने  के लिए लें महिला और बालिकाएं प्राप्त करें प्रशिक्षण
डीएम ने किया बालिकाओं से आव्हान,पुरानी छावनी में शुरू हुआ आत्मरक्षा प्रशिक्षण
धौलपुर। जिले का धौलपुर ब्लॉक स्तरीय गैर आवासीय आत्मरक्षा शिक्षक
प्रशिक्षण शिविर शुक्रवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पुरानी छावनी
में शुरू हुआ। शिविर में स्कूलों में तैनात शारीरिक शिक्षकों तथा
समन्वयकों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने
के बाद में यह ट्रेनर अपने स्कूलों में बालिकाओं को आत्मरक्षा का
प्रशिक्षण प्रदान करेंगीं। प्रशिक्षण की शुरूआत करते हुए जिला कलक्टर
राकेश कुमार जायसवाल ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा
सुनिश्चित करने उन्हें आत्मरक्षा के लिए सशक्त बनाने, उन्हे अपने
अधिकारों व कानून के बारे में सजग करने एवं महिला अपराधों में कमी लाने
के उद्देश्य से आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
पुलिस विभाग एवं शिक्षा विभाग द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए
संयुक्त रूप से आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इससे जिले को नया
रूप मिलेगा। उन्होंने कहा कि सभी विद्यालयों में पुलिस की प्रशिक्षित
महिला पुलिस कर्मियों द्वारा एवं शारीरिक महिला शिक्षकों द्वारा महिलाओं
एवं बालिकाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। बालिकाओं के सुरक्षा के लिए जिले
में इतना बड़ा तंत्र खड़ा किया जा रहा है। इस तंत्र के माध्यम से महिला
एवं बालिकाएं सुरक्षित महसूस करेंगी। जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा
ने कहा कि जिले की महिलाओं एवं बालिकाओं को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर
एवं सशक्त बनाने के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जा
रहा है। शिविरों में महिला व बालिकाओं के प्रशिक्षण लेने से आत्मविश्वास
में वृद्वि होगी। समाज में अपने आप को स्थापित करने में पूरी मदद मिलेगी।
उन्होने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं के कठिन समय में अपने बचाव के लिए
नि:शुल्क आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्राप्त कर धौलपुर को महिलाओं एवं बालिकाओं
के लिए सुरक्षित जिला बनायें। प्रशिक्षण शिविर में मुख्य जिला शिक्षा
अधिकारी महेश चन्द रिजवानी, एडीपीसी समसा मुकेश कुमार गर्ग एवं जिला
शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक सियाराम मीना ने आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविरों
के बारे में विस्तार से जानकारी दी। महिला एवं अधिकारिता विभाग की
समन्वयक कनुप्रिया एवं हरिओम बंसल द्वारा महिलाओं के अधिकारों के बारे
में एवं बालकों का सरंक्षण अधिनियम के बारे में विस्तार से जानकारी
प्रदान की गई। आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर में 3 जनवरी से 12 जनवरी तक
नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जायेगा।