बेटियों को सशक्त बनाने से ही होगा देश और समाज का विकास : जायसवाल

बेटियों को सशक्त बनाने से ही होगा देश और समाज का विकास : जायसवाल
तगावली में वार्षिकोत्सव एवं रात्रि चौपाल आयोजित
धौलपुर। धौलपुर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत तगावली में शुक्रवार को
रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तगावली
में आयोजित कार्यक्रम में जिला कलक्टर राकेश कुमार जायसवाल ने जन सुनवाई
की तथा ग्रामीण महिलाओं को घूंघट से मुक्ति की शपथ दिलाई। समारोह में
मौजूद ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर राकेश कुमार जायसवाल ने
कहा कि बेटियों को सशक्त बनाने से ही देश और समाज का विकास होगा। इसी
संकल्पना को साकार करने के लिए जिले में मेरी बेटी मेरा गौरव के
कार्यक्रम प्रत्येक विद्यालय में आयोजित किये जा रहे हैं। उन्होंने
महिलाओं को घूंघट से मुक्ति की शपथ दिलाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अशोक
गहलोत ने घूंघट को एक सामाजिक कुरीति मानते हुए पूरे प्रदेश में घूंघट से
मुक्ति का अभियान चलाया है। इसलिए महिलाएं बदलते परिवेश में घूंघट प्रथा
को समाप्त करें और घूंघट मुक्त रहने की शपथ लें। बेटियों को पढाने व
सशक्त बनाने का भी संकल्प लेकर बेटा बेटी में भेदभाव का त्याग करते हुए
बेटियों के गौरव को बढाएं। जिला कलक्टर के आव्हान  से प्रेरित होकर
ग्रामीण महिला मीना एवं प्रेमवती समेत अन्य ने घूंघट प्रथा को छोडने का
संकल्प लिया। संस्था प्रधान सुक्खो देवी रावत ने प्रतिवेदन प्रस्तुत कर
विद्यालय के विकास के संबंध में जानकारी दी। समारोह में छात्रा भावना तथा
कुमार मधु ने कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम के संबंध में मनोहारी नृत्य
नाटिका की प्रस्तुति दी। वहीं,छात्राओं ने आत्मरक्षा का डैमो दिया तथा
होली पर लोकनृत्य पेश किया। कार्यक्रम का संचालन स्कूल की ब्रांड एंबेसडर
कुमारी रिचा ने किया। उधर,रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने पेयजल की कमीं,
हैंडपंप में फ्लोराईयुक्त पानी आने,अवैध शराब की बिक्री जैसी समस्याओं के
बारे में शिकायत की। इस पर जिला कलक्टर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को
समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। आयोजन में धौलपुर तहसीलदार भगवत शरण
त्यागी,महिला अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक रामरज मीना,मुख्य ब्लाक
शिक्षा अधिकारी दामोदर लाल मीना,मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थय अधिकारी डा.
गोपाल गोयल,बिजली निगम के सहायक अभियंता भास्कर खत्री, आत्मरक्षा प्रभारी अशोक उपाध्याय समेत अन्य अधिकारी मौजूद
रहे।