धौलपुर। राजस्थान और समीपवर्ती मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के साझा चंबल
क्षेत्र में सक्रिय दस्युओं पर पुलिस ने नकेल कसना शुरु कर दिया है।
पुलिस की इस कवायद में नए सूचना तंत्र को विकसित करने के साथ साथ विशेष
एडीएफ का गठन तथा टॉप टेन की लिस्ट बनाकर दस्युओं की मानीटरिंग और
कार्रवाई शामिल है। अब पुलिस की चुनौती चंबल के बीहड में सक्रिय टॉप टेन
दस्युओं की धरपकड करना है। पुलिस की सख्ती का ही नतीजा है कि इस साल महज
दो महीनों में आधा दर्जन दस्यु सलाखों के पीछे पंहुच चुके हैं। यही बजह
है कि अब दस्युओं के खात्मे की उम्मीद बंध रही है।
जिला पुलिस की टॉप टेन की सूची में सबसे बडा नाम दस्यु पप्पू गुर्जर का
है। कुख्यात दस्यु जगन गुर्जर का सगे भाई पप्पू गुर्जर की गिरफ्तारी पर
पुलिस की ओर से करीब 47 हजार रुपए का ईनाम घोषित है। इसमें राजस्थान के
अपर पुलिस महानिदेशक की ओर से 25 हजार रुपए तथा उप महानिरीक्षक आगरा रेंज
की ओर से 5 हजार का ईनाम शामिल हैं। दस्यु पप्पू गुर्जर जिले के साथ
भरतपुर पुलिस रेंज तथा राजस्थान पुलिस मुख्यालय की टॉप 25 की सूची में भी
शामिल हैं। दस्यु पप्पू गुर्जर के अलावा दस्यु भारत गुर्जर,दस्यु केशव
गुर्जर तथा दस्यु रामविलास गुर्जर के नाम भी सूबे की सूची में दर्ज हैं।
इसके अलावा दस्यु भारत गुर्जर अपने सिर पर 29 हजार रुपए के ईनाम के साथ
में दूसरे नंबर पर है। धौलपुर जिले के कंचनपुर थाना क्षेत्र के गांव
अतिराज का पुरा निवासी दस्यु भारत गुर्जर पर एडीजी राजस्थान की ओर से 25
हजार के ईनाम के साथ भरतपुर पुलिस रेंज आईजी की ओर से 10 हजार का ईनाम
है। इसी प्रकार दस्यु रामविलास गुर्जर पर 25 हजार,दस्यु केशव गुर्जर पर
20 हजार, दस्यु श्रीराम गुर्जर पर 15 हजार,दस्यु रघुराज पर 12 हजार,दस्यु
गब्बर सिंह पर 12 हजार तथा दस्यु लाकेन्द्र उर्फ लुक्की की गिरफ्तारी पर
5 हजार का ईनाम घोषित है।
धौलपुर जिले में चलाए जा रहे दस्यु उन्मूलन अभियान के बारे में पुलिस
अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि बीते साल की शुरूआत से लेकर फरवरी के
अंत तक करीब ढाई दर्जन दस्युाओं को सलाखों के पीछे पंहुचाया गया है।
इनमें 45 हजार रुपए का ईनामी कुख्यात दस्यु जगन गुर्जर शामिल है। वर्ष
2020 में जिला पुलिस ने तीन जनवरी को ही चंबल के बीहड में 20 हजार रुपए
के ईनामी दस्यु सुरेन्द्र सिंह उर्फ सुरेन्द्रा को गिरफ्तार किया है।
मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के अंबाह थाना क्षेत्र के गांव होलापुरा
निवासी दस्यु सुरेन्द्र सिंह कुख्यात दस्यु जगजीवन परिहार गेंग का सक्रिय
सदस्य रहा है।
इसी साल 10 हजार के ईनामी दस्यु विनोद उर्फ बंटी पंडित तथा पांच पांच
हजार के ईनामी दस्यु रवि उर्फ राघवेन्द्र,तंबू उर्फ बंबू तथा दस्यु
लालसिंह गुर्जर को भी पुलिस ने सलाखों के पीछे पंहुचाया है। कच्छावा
बताते हैं कि चंबल के बीहड में सक्रिय दस्युओं से सख्ती से निपटा जा रहा
है। दस्युओं को सजातीय आधार पर मिलने वाला संरक्षण, डांग इलाके में
मूवमेंट में आने वाली कठिनाई तथा चंबल का अथाह बीहड क्षेत्र के कारण कुछ
बाधाएं आतीं हैं। लेकिन जिला पुलिस द्वारा विशेष टीम का गठन,नया मुखबिर
तंत्र का विकास तथा राजस्थान के साथ साथ उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के
चंबल क्षेत्र के पुलिस थानों के बीच में सूचनाओं के त्वरित आदान प्रदान
से दस्युओं के खात्मे की कवायद की जा रही है। कच्छावा ने बताया कि जल्दी
ही धौलपुर की टॉप टेन की लिस्ट में दर्ज दस्युओं को भी गिरफ्तार कर
सलाखों के पीछे पंहुचाया जाएगा।
चंबल के बीहड़ में सक्रिय दस्युओं पर कसेगा पुलिस का शिकंजा