पैनोरमा से मिलेगी मचकुंड सरोवर के पौराणिक महत्व की जानकारी :डीएम

राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर बनेगी मचकुंड सरोवर की पहचान : जायसवाल
मचकुंड पैनोरमा का किया प्रवेशारंभ,सुविधाएं विकसित करने पर जोर
धौलपुर। तीर्थराज मचकुंड सरोवर का नवनिर्मित पैनोरमा शनिवार शाम को हर आम
और खाश के लिए खोल दिया गया। जिला कलक्टर राकेश कुमार जायसवाल एवं पुलिस
अधीक्षक मृदल कच्छावा ने सपत्नीक वैदिक रीति से पूजा अर्चना कर ताला
खोलकर पैनोरमा का प्रवेशारंभ किया। इस मौके पर तीर्थराज मचकुंड सरोवर की
आरती तथा दीपदान का भी कार्यक्रम संपन्न हुआ। आयोजन में जिला कलक्टर
राकेश कुमार जायसवाल ने कहा कि तीर्थराज मचकुंड सरोवर का पौराणिक महत्व
है। पैनोरमा के माध्यम से श्रद्वालु तथा देशी और विदेशी पर्यटकों को इस
महत्व के बारे में और जानकारी मिलेगी। उन्होंने कहा कि धौलपुर में पर्यटन
की विपुल संभावनाएं हैं। तीर्थराज मचकुंड सरोवर पर सुविधाओं के विस्तार
की कवायद शुरू हो गई है। इसी क्रम में नगर परिषद के माध्यम से जल्दी ही
केंटीन तथा पार्किंग स्टेंड का काम शुरू होगा। शासन और सरकार के प्रयासों
से मचकुंड सरोवर को अब राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान बनेगी।
अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन नरेन्द्र कुमार वर्मा ने कहा कि धौलपुर पर्यटन
के लिहाज से काफी समृद्व है। पैनोरमा के संचालन से पर्यटक मचकुंड महाराज
की कथा तथा इसके पौराणिक महत्व को समझ सकेंगे। उप जिला कलक्टर आशीष
श्रीवास्तव ने बताया कि फिलहाल पैनोरमा का संचालन नि:शुल्क रहेगा तथा बाद
में सरकार की नीतियों के मुताबिक कोई शुल्क निर्धारित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जल्दी ही सरोवर क्षेत्र में अन्य सुविधाओं को विकसित
किया जाएगा। इस मौके पर भजन संध्या का आयोजन भी हुआ। जिसमें कलाकार मनोज
कुमार,हरिओम तथा राहुल कुमार ने गणेश वंदना तथा अन्य भक्ति गीतों की
प्रस्तुति दी। भजन संध्या का खास आकर्षण मयूर नृत्य रहा। इस मौके पर
तहसीलदार भगवत शरण त्यागी, नगर परिषद आयुक्त सौरभ जिन्दल तथा महिला
अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक रामरज मीना सहित अन्य अधिकारी तथा
गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।