सड़क दुर्घटना में जीजा और साले की मौत

सड़क दुर्घटना में जीजा और साले की मौत
धौलपुर भरतपुर रोड पर हुआ हादसा
धौलपुर। धौलपुर भरतपुर रोड पर गुरुवार रात को तसीमो के पास एक सड़क हादसे
में दो बाइक सवारों की मौत हो गई। मृतक रिश्ते  में जीजा और साले थे तथा
उप्र के जगनेर से अपने घर वापस लौट रहे थे। पुलिस ने दोनों मृतकों के
शवों का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिए हैं। प्राप्त जानकारी के
मुताबिक मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के हेतमपुर निवासी सुरेश सिंह आगरा
जिले के जगनेर कसबे में अपनी पुत्री सपना की ससुराल गए थे। गुरुवार शाम
को वह अपने जीजा रामप्रकाश के साथ मे  बाइक से अपने घर वापस लौट रहे थे।
रास्ते में सैपउ थाना इलाके में तसीमो कसबे से पहले पार्वती नदी के पुल
के पास किसी अज्ञात वाहन उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में
करीब 50 वर्षीय सुरेश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि 42 वर्षीय
रामप्रकाश गंभीर रुप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची
पुलिस ने उनके जीजा रामप्रकाश निवासी जाजौ जिला आगरा को सैपउ के  सरकारी
अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। जहां देर रात को उपचार के दौरान
उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने आज सुबह मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करा
उन्हें परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात वाहन के
विरुद्ध मामला दर्ज किया है।